ऑपरेशन हंटडाउन: पंचकूला पुलिस ने 24 घंटे में 5 मामलों में 6 चोर-स्नैचर किए गिरफ्तार
पंचकूला/ 21 अक्टूबर :- पंचकूला में चोरी और स्नैचिंग जैसी आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन हंटडाउन के तहत पुलिस की विभिन्न टीमों ने पिछले 24 घंटों के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी और स्नैचिंग के 5 मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें, कॉपर की तारें और अन्य सामान बरामद किया है। पंचकूला पुलिस द्वारा चोरी और स्नैचिंग की वारदातों में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी की संपत्ति बरामद करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पहला मामला: घर में घुसकर कॉपर की तारें चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार, 18 अक्टूबर को पंचकूला निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसी दिन एक संदिग्ध व्यक्ति उसके घर में घुसकर चोरी कर गया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-7 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सेक्टर-7 थाना प्रभारी अंकित ढांडा की अगुवाई में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 20 अक्टूबर को आरोपी अनिरुद्ध निवासी राजीव कॉलोनी, पंचकूला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत अलग-अलग थानों में 3 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की कॉपर की तारें बरामद कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दूसरा मामला: निर्माणाधीन बिल्डिंग से एल्यूमीनियम की चौखट चोरी करने वाला आरोपी काबू
दूसरे मामले में पंचकूला निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर सिविल अस्पताल, पंचकूला की निर्माणाधीन बिल्डिंग से एल्यूमीनियम की चौखट चोरी करने के मामले में थाना सेक्टर-7 की टीम ने 19 अक्टूबर को ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवीण निवासी खड़क मंगोली, पंचकूला के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को 20 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
तीसरा मामला: सेक्टर-14 में दो मोबाइल फोन छीनने के मामले में दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार
तीसरे मामले में सेक्टर-14 पंचकूला निवासी एक महिला ने शिकायत दी कि 15 अक्टूबर 2026 को दोपहर के समय वह अपनी सहकर्मी के साथ लंच करने के बाद बैंक के बाहर घूम रही थी। इसी दौरान उसकी सहकर्मी ने अपना मोबाइल फोन उसे पकड़ा दिया। शिकायतकर्ता के हाथ में उसका अपना मोबाइल फोन भी था। तभी एक्टिवा सवार दो युवक पीछे से आए और दोनों मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-14, पंचकूला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस इस मामले में पहले ही आरोपी सोनू निवासी भैंसा टिब्बा को चोरी की स्कूटी सहित गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी की स्कूटी की डिग्गी से शिकायतकर्ता के छीने गए मोबाइल फोन सहित कुल 5 मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सेक्टर-14 के अलावा पंचकूला में मोबाइल फोन छीनने की 3 अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में शामिल दूसरे आरोपी सूरज निवासी भैंसा टिब्बा, पंचकूला को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
चौथा मामला: फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चोरी की मोटरसाइकिल बेचने निकले दो आरोपी गिरफ्तार
चौथे मामले में थाना सेक्टर-7 की पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद अफसान और मोहम्मद अंसारी, जो वर्तमान में मनीमाजरा में रह रहे हैं, चोरी की मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-7 में चोरी का मामला दर्ज कर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। दोनों आरोपियों को 21 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पांचवां मामला: मनसा देवी मार्केट से मोटरसाइकिल चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद
पांचवें मामले में डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, पंचकूला निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 14 अक्टूबर को सुबह उसकी मोटरसाइकिल मनसा देवी मार्केट, पंचकूला से चोरी हो गई। शिकायत के आधार पर थाना मनसा देवी कॉम्प्लेक्स में चोरी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की आगामी जांच के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 19 अक्टूबर को आरोपी राजेश निवासी मनीमाजरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला जिले में चोरी और स्नैचिंग जैसी वारदातों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीमें सक्रियता से काम करते हुए आरोपियों तक पहुंच रही हैं और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य जिले के नागरिकों को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है, ताकि लोग बिना किसी भय के रह सकें। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Uklana, Hissar | Oct 21, 2026