## देवरी बांध के पास पेड़ से लटका मिला ट्रांसपोर्ट मालिक का शव, मचा हड़कंप
**रातभर परिजन करते रहे तलाश, सुबह चरवाहों ने देखा शव; पास में मिला मोबाइल और पावर बैंक**
**मांडा, प्रयागराज।** मांडा थाना क्षेत्र के देवरी बांध के पास शुक्रवार सुबह पेड़ से लटकता युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान तीसेन तुलापुर गांव निवासी अनिल तिवारी (पुत्र शिवमणि तिवारी) के रूप में हुई है। वह ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते थे। शव के पास मोबाइल फोन और पावर बैंक मिलने से घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, अनिल गुरुवार दोपहर गांव से करीब चार किलोमीटर दूर देवरी बांध गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे चरवाहों ने बांध के पास पेड़ से लटकता शव देखा और परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। भाई सुनील तिवारी और पत्नी पूजा तिवारी सहित परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
मांडा थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
मृतक के पिता शिवमणि तिवारी ट्रक चालक हैं। अनिल की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
Bara, Allahabad | Nov 27, 2026