सरकारी योजनाओं के दावों के बीच छप्पर के नीचे जिंदगी गुजार रहा गरीब परिवार, वर्षों से प्रधानमंत्री आवास का इंतजार
असरवाई गांव के राकेश बिंद का दर्द छलका, ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी पर लगाए अनदेखी के गंभीर आरोप; कई बार शिकायत के बाद भी नहीं मिला आवास का लाभ
**बारा, प्रयागराज।** सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना चला रही है, ताकि कोई भी गरीब परिवार कच्चे और जर्जर मकान में रहने को मजबूर न हो। लेकिन विकासखंड जसरा की ग्राम सभा असरवाई में इस योजना के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। गांव निवासी राकेश बिंद का परिवार आज भी टूटी-फूटी छप्पर के नीचे जिंदगी गुजारने को मजबूर है। परिवार को कई वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने का इंतजार है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
राकेश बिंद ने ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उन्होंने आवास योजना का लाभ पाने के लिए कई बार ग्राम प्रधान से गुहार लगाई। इसके अलावा ग्राम विकास अधिकारी को भी अपनी समस्या से अवगत कराया, लेकिन तमाम शिकायतों के बावजूद आज तक उनके परिवार को आवास नहीं मिला। उनका आरोप है कि गांव में ऐसे लोगों को भी आवास योजना का लाभ दिया गया है, जो उनकी नजर में पात्र नहीं हैं, जबकि उनका परिवार पात्र होने के बावजूद योजना से वंचित है।
राकेश बिंद ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि परिवार में छोटे-छोटे बच्चे हैं। सभी लोग एक जर्जर छप्पर के नीचे रहने को मजबूर हैं। बारिश के दिनों में छप्पर से पानी टपकता है और पूरे परिवार को रात जागकर गुजारनी पड़ती है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह खुद पक्का मकान बनवाने में सक्षम नहीं हैं। मेहनत-मजदूरी करके किसी तरह परिवार का पेट पाल रहे हैं।
कागजों में योजनाएं, जमीन पर गरीबों की परेशानी!
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सरकार गरीबों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, तो आखिर असरवाई के इस जरूरतमंद परिवार तक योजना का लाभ क्यों नहीं पहुंचा? क्या ग्राम स्तर पर पात्र लाभार्थियों का सही तरीके से सर्वे नहीं किया जा रहा है? यदि राकेश बिंद पात्र हैं तो वर्षों से उन्हें आवास योजना से वंचित रखने की वजह क्या है?
पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पात्रता का सत्यापन कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
अब देखना यह है कि गरीब परिवार की इस पीड़ा पर विकासखंड जसरा के अधिकारी कब संज्ञान लेते हैं। क्या जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा गांव में जांच कराई जाएगी या फिर राकेश बिंद का परिवार यूं ही टूटे छप्पर के नीचे अपने पक्के मकान का सपना देखता रहेगा
Bara, Allahabad | Nov 22, 2026