छठ पर्व को लेकर मुजफ्फरपुर जंक्शन पर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने रेलवे अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण
छठ महापर्व के दौरान यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जिलाधिकारी कुमार गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतिश कुमार मिश्रा एवं नगर आयुक्त ने रेलवे के वरीय अधिकारियों के साथ मुजफ्फरपुर जंक्शन और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान छठ महापर्व को लेकर यात्रियों की सुविधा एवं भीड़ नियंत्रण के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे एवं मंडल रेल प्रबंधक, समस्तीपुर मंडल से भी भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विमर्श किया गया। अधिकारियों ने जिला प्रशासन और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
प्रशासन की ओर से होल्डिंग एरिया का व्यवस्थित संचालन, डिस्प्ले बोर्ड की व्यवस्था, ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान की नियमित उद्घोषणा, पेयजल और चलंत शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी और पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान जंक्शन पर यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। भीड़ का सुव्यवस्थित प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और सुचारू यातायात संचालन प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।