प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में *मुजफ्फरपुर जिला आयोजना क्षेत्र प्राधिकार* की बैठक का आयोजन हुआ; माननीय जन-प्रतिनिधियों के साथ मास्टर प्लान-2047 के प्रारूप पर विस्तार से चर्चा हुई
--------------------------------
*मुजफ्फरपुर जिला प्रगति के पथ पर सतत अग्रसर*; योजनाबद्ध ढंग से शहरीकरण एवं आयोजना क्षेत्र के समावेशी तथा सतत विकास सुनिश्चित करने हेतु सरकार *सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध*: प्रमंडलीय आयुक्त
---------------------------------
मास्टर प्लान-2047 आगामी वर्षों में संतुलित, समावेशी एवं सतत विकास का मार्गदर्शक दस्तावेज होगा; जनता की आवश्यकता एवं आकांक्षा के अनुरूप सरकार द्वारा सभी क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है: प्रमंडलीय आयुक्त
---------------------------------
प्रस्तावों पर सभी हितधारकों के साथ माइक्रो-लेवल पर विस्तृत विमर्श करें तथा उनका सुझाव प्राप्त कर नियमानुसार ड्राफ्ट में शामिल करें: प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों को दिया निदेश
--------------------------------
मुजफ्फरपुर, शनिवार, दिनांक 14.11.2026ः आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर श्री गिरिवर दयाल सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभागार में मुजफ्फरपुर जिला आयोजना क्षेत्र प्राधिकार की बैठक का आयोजन हुआ। इसमें माननीय जन-प्रतिनिधियों के साथ मुजफ्फरपुर मास्टर प्लान-2047 के प्रारूप (ड्राफ्ट मास्टर प्लान) पर विस्तृत चर्चा की गयी।
इस बैठक में माननीय विधायक, कांटी विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र-सह-पूर्व मंत्री श्री अजीत कुमार; माननीय विधायक, मुज़फ़्फ़रपुर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र श्री रंजन कुमार, माननीय विधान पार्षद श्री वंशीधर ब्रजवासी, माननीय महापौर श्रीमती निर्मला देवी, माननीय उप महापौर श्रीमती डॉ मोनालिसा, संबंधित प्रखंडों के माननीय प्रमुखगण, जिला पदाधिकारी, मुज़फ़्फ़रपुर श्री कुमार गौरव, नगर आयुक्त श्री ऋतुराज प्रताप सिंह, उप विकास आयुक्त श्री निशांत सिहारा तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारीगण मौजूद थे।
नगर आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर नगर निगम, मुजफ्फरपुर जिला आयोजना क्षेत्र प्राधिकार, मुजफ्फरपुर द्वारा पीपीटी के माध्यम से एजेंडावार प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। उपस्थित सभी माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा जीआईएस-आधारित मुजफ्फरपुर मास्टर प्लान-2047 के प्रारूप (ड्राफ्ट) पर विस्तृत चर्चा की गयी। निर्माण कार्यों का नियमन एवं नियमों का अनुपालन, विभागीय समन्वय एवं अनुपालन, जीआईएस-आधारित मुजफ्फरपुर मास्टर प्लान-2047 की वर्तमान स्थिति, मानचित्र, डेटा, अद्यतन स्थिति, टास्क फोर्स सहित सभी पहलुओं पर एक-एक कर विस्तार से चर्चा की गयी। नगर आयुक्त ने माननीय जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में लाया कि मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र के विस्तार के प्रस्तावित योजना के तहत मुजफ्फरपुर आयोजना क्षेत्र का क्षेत्रफल 428.29 वर्ग किलोमीटर है। इसके अंतर्गत तीन शहरी स्थानीय निकाय (मुजफ्फरपुर नगर निगम, काँटी नगर परिषद तथा माधोपुर सुस्ता नगर पंचायत) एवं 274 गाँव शामिल है। मुजफ्फरपुर मास्टर प्लान-2047 के पाँचवें चरण मास्टर प्लान के प्रारूप निर्माण हेतु आज के इस महत्वपूर्ण बैठक में माननीय जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की जा रही है तथा उनका बहुमूल्य सुझाव प्राप्त किया जा रहा है। कुल ग्यारह चरणों में कार्य होना है। विभिन्न हितधारक विभागों यथा राजस्व, ग्रामीण विकास, नगर विकास एवं आवास विभाग, उद्योग, पथ निर्माण, एनएचएआई इत्यादि के वर्ष 2047 तक के विकास विजन, भावी योजनाओं, प्रस्तावित परियोजनाओं, भूमि एवं अवसंरचनाओं से संबंधित आवश्यकताओं तथा अन्य महत्वपूर्ण सुझावों को मास्टर प्लान में शामिल किया जायेगा।
*प्रमंडलीय आयुक्त ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर जिला प्रगति के पथ पर सतत अग्रसर है। जनता की आवश्यकता एवं आकांक्षा के अनुरूप सरकार द्वारा सभी क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है*। इसी के तहत सरकार के आदेशानुसार मुजफ्फरपुर जिला आयोजना क्षेत्र प्राधिकार द्वारा ड्राफ्ट मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसमें विकास के बदलते आयाम, अन्य बड़े-बड़े शहरों की प्रगति, जनता की बढ़ती आवश्यकताओं सहित सभी तथ्यों को ध्यान में रखा जा रहा है। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि यह मास्टर प्लान-2047 आगामी वर्षों में *संतुलित, समावेशी एवं सतत विकास का मार्गदर्शक दस्तावेज* होगा। इसके अंतर्गत भूमि उपयोग, परिवहन, आवास, आधारभूत संरचना, पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक विकास तथा सरकार की महत्वाकांक्षी तिरहुत ग्रीनफिल्ड सैटलाईट टाउनशिप जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए दीर्घकालिक विकास रणनीति भी शामिल रहेगी।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि पूर्व में भी उनकी अध्यक्षता में इस विषय पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई थी। नगर विकास एवं आवास विभाग, राजस्व, ग्रामीण विकास, पथ निर्माण, एनएचएआई, वन प्रमंडल, रेलवे, परिवहन, जल संसाधन, विद्युत आपूर्ति, बुडको, उद्योग सहित जिला प्रशासन एवं अन्य सभी हितधारक विभागों के पदाधिकारियों को आपस में *सुदृढ़ समन्वय एवं सार्थक संवाद* स्थापित कर सरकार के आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है। अधिकारियों को निदेश दिया गया है कि योजनाबद्ध ढंग से शहरीकरण एवं आयोजना क्षेत्र के समावेशी तथा सतत विकास सुनिश्चित करने हेतु सभी ज़रूरी कार्यों को मास्टर प्लान में शामिल करें। उन्होंने कहा कि *किसी भी योजना या कार्यक्रम के सफल होने के लिए अधिकतम जन-सहभागिता आवश्यक* है। अतः अधिकारीगण सभी स्टेकहोल्डर से सुझाव तथा फीडबैक प्राप्त करेंगे तथा नियमानुसार इसे ड्राफ्ट मास्टर प्लान में शामिल करेंगे।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि अधिकारियों को निदेश दिया गया है कि पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करते हुए अग्रतर कार्य करें। पदाधिकारीगण अंतर्विभागीय समन्वय एवं माइक्रो-लेवल पर प्लानिंग सुनिश्चित करें।
प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रस्तावों पर सभी हितधारकों के साथ माइक्रो-लेवल पर विस्तृत विमर्श करें तथा उनका सुझाव प्राप्त करें। तकनीकी एवं सिविल पदाधिकारीगण क्षेत्रों का भ्रमण करें, सेमिनार का आयोजन करें तथा माननीय जन प्रतिनिधियों, आम जनता सहित सभी स्टेकहोल्डर्स का सुझाव लें।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि योजनाबद्ध ढंग से शहरीकरण एवं आयोजना क्षेत्र के समावेशी तथा सतत विकास सुनिश्चित करने हेतु सरकार सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। प्राधिकार के अधिकारियों को निदेश दिया गया है कि सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ एक-एक कर विस्तार से कन्सलटेशन करें तथा नियमानुसार जनहित के कार्यों को प्लान में शामिल करें।