डेढ़ करोड़ से बनेगी बथना राम-बथना डीह सड़क, कांटी विधायक ने किया शिलान्यास
ग्रामीणों को मिलेगी जर्जर सड़क से मुक्ति, जलनिकासी के लिए विधायक निधि से नाला निर्माण का दिया भरोसा
मड़वन प्रखंड की पकड़ी पकोही पंचायत में वर्षों से जर्जर बथना राम से बथना डीह तक जाने वाली सड़क के निर्माण का रास्ता शनिवार को साफ हो गया। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का विधायक अजीत कुमार ने नारियल फोड़कर विधिवत शुभारंभ किया। सड़क निर्माण की पहल से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या से निजात मिलेगी।
इस मौके पर विधायक अजीत कुमार ने कहा कि इस इलाके के लोगों का उन्हें लंबे समय से स्नेह और समर्थन मिलता रहा है। चुनाव के दौरान उन्होंने इस सड़क के निर्माण का वादा किया था, जिसे पूरा करने की दिशा में आज ठोस पहल की गई है। जनता से किया गया वादा उनके लिए केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने इस महत्वपूर्ण सड़क की बदहाली पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया।
विधायक ने कहा कि सड़क की स्थिति खराब होने से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, किसानों और राहगीरों को काफी परेशानी होती थी। खासकर बरसात में आवागमन मुश्किल हो जाता था। उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग के जेई, संबंधित अधिकारियों और संवेदक को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने तथा कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण में किसी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क किनारे जलनिकासी के लिए नाला निर्माण की मांग रखी। इस पर विधायक ने अपनी विधायक निधि से नाला निर्माण कराने की दिशा में पहल करने का भरोसा दिया। वहीं, बंदरों के बढ़ते उत्पात की समस्या से भी उन्हें अवगत कराया गया। विधायक ने मामले को जिलाधिकारी के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। इस मौके पर सुधीर कुमार सिंह, अजय चौधरी, राहुल साह, हरेंद्र चौहान, अमल कुमार राय, राम कुमार, अली अहमद, अमल सिंह, पप्पू रजक, राहुल सिंह, डब्लू कुमार, दिवेश शर्मा, मनोज सिंह, मो. जाबिर, रीता चौधरी समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।