बीएसडब्ल्यू/एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों ने ग्राम खापाभाट में लगाई अपनी प्रयोगशाला, स्वच्छता की पाठशाला के माध्यम से किया जागरूक
ग्राम खापाभाट में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र एवं ग्रामीणों को दी शासन की योजनाओं की जानकारी
================================
स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद छिंदवाड़ा द्वारा जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में गत दिवस ग्राम खापाभाट में स्वच्छता अभियान चलाया गया। शासकीय माध्यमिक शाला खापाभाट में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित समाजसेवा में स्नातक (बीएसडब्ल्यू) एवं स्नातकोत्तर (एमएसडब्ल्यू) कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपने परामर्शदाता श्री विनोद तिवारी एवं डॉ. लता नागले के साथ ग्रामीणों के बीच पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी साझा की।
विद्यार्थियों ने ग्राम की झुग्गी बस्ती में लोगों से चर्चा कर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा यह जाना कि ग्रामीणों को किन-किन शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती संध्या युवनाती एवं श्री संध्या उइके ने ग्रामीणों को आंगनबाड़ी के माध्यम से मिलने वाली लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों को पोषित आहार, कुपोषित बच्चों के लिए उचित उपचार, धात्री महिलाओं के लिए योजनाओं का लाभ तथा किशोरी बालिकाओं की समय-समय पर काउंसलिंग और स्वस्थ रहने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाती है।
इसके बाद शासकीय माध्यमिक शाला खापाभाट में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। परामर्शदाता श्री विनोद तिवारी ने बच्चों को स्वच्छता अपनाने की समझाइश दी तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के सेक्टर नंबर-5 के विद्यार्थी अपनी-अपनी प्रयोगशाला के रूप में ग्राम में पहुंचकर यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि शासन की योजनाएं किस प्रकार क्रियान्वित हो रही हैं और कौन-कौन सी योजनाएं ग्रामीणों के लिए हितकारी हैं।
परामर्शदाता डॉ.लता नागले ने स्कूली बच्चों को अच्छी आदतें अपनाने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अपनाने से स्वास्थ्य अच्छा रहता है और स्वस्थ रहने से पढ़ाई में मन लगता है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने की समझाइश दी। साथ ही किशोरी बालिकाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों ने स्कूली बच्चों से संवाद कर उन्हें स्वच्छता का पाठ पढ़ाया और स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर बीएसडब्ल्यू के विद्यार्थी चित्तेश डेहरिया, सुनीता, वंदना पाठे, निलेश मिश्रा, श्रीमती शुभश्री मिश्रा, दीपिका, रानी, मोहनी सहित अन्य विद्यार्थी उपस्थित थे। वहीं विद्यालय स्टाफ से श्रीमती मिश्रा, श्री साहू एवं श्री पटले भी मौजूद थे।
#सेवा_संकल्प_अभियान
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh