छठ के रंग में रंगी वस्त्रनगरी, भोजपुरी सितारों ने सुरों से बांधा ऐसा समां कि देर रात तक झूमता रहा मानसरोवर!
त्रिलोक झा-श्याम सिंह के छठ गीतों पर थिरके श्रद्धालु, भारती मेहता और नैना सिंह की मौजूदगी ने बढ़ाया मंच का आकर्षण
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) मानसरोवर झील का किनारा शनिवार शाम भोजपुरी सुरों और छठी मैया की भक्ति में डूब गया। कहीं छठ गीतों की गूंज तो कहीं भोजपुरी धुनों पर थिरकते श्रद्धालु... मौका था पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट के दो दिवसीय छठ महोत्सव का। भोजपुरी सितारों ने ऐसी महफिल सजाई कि मानसरोवर परिसर देर रात तक तालियों और जयकारों से गूंजता रहा।
भोजपुरी सुपरस्टार गायक त्रिलोक झा ने 'कर्पूर गौरं करुणावतारं' की स्तुति से सांस्कृतिक संध्या का आगाज किया। इसके बाद 'गंगा जी के शीतल पनिया' और 'लचके ला बहंगी' जैसे गीतों ने माहौल में भक्ति और उत्साह का रंग घोल दिया। छपरा के गायक श्याम सिंह ने भी 'मंगल के दाता' और 'रेलगड़िया धराई द बलमुआ' जैसे गीतों से खूब तालियां बटोरीं।
गायिका संजना रॉय ने 'उगा है सूरज देव' और 'कांचे ही बांस के बहंगिया' जैसे पारंपरिक छठ गीतों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भोजपुरी अभिनेत्री भारती मेहता और नैना सिंह की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं यीशु गुप्ता और आरोही की नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
समिति संस्थापक अध्यक्ष रजनीश वर्मा ने बताया कि छठ महापर्व केवल सूर्य उपासना नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, अनुशासन और सामाजिक एकता का प्रतीक है। महोत्सव के दूसरे दिन 15 नवंबर को शाम 7 से रात 10 बजे तक लेबर कॉलोनी स्थित श्रम कल्याण केंद्र मैदान में वृंदावन के कलाकार देवी-देवताओं की लीलाओं का मंचन करेंगे। धार्मिक झांकियां, भक्ति संगीत और भोजपुरी गायकों की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।
आयोजन में समिति की ब्रांड एंबेसडर अनोखी राजस्थानी, गोपाल लाल माली, ललित अग्रवाल सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।