स्वच्छता में उज्जैन प्रथम: राष्ट्रपति ने किया सम्मानित, सफाई मित्रों की मेहनत से महाकाल की नगरी का बढ़ा मान
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
उज्जैन/-मध्य प्रदेश की पावन धार्मिक नगरी उज्जैन ने स्वच्छता के आसमान पर ऐसा तिरंगा फहराया है कि पूरा देश देखता रह गया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नए परिणामों में तीन से दस लाख आबादी वाली श्रेणी में बाबा महाकाल के इस शहर ने देश भर में पहला स्थान झटककर इतिहास रच दिया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति ने सम्मानित करते हुए जैसे ही यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार उज्जैन की झोली में डाला, वैसे ही महाकाल की चौखट तक जश्न का सैलाब उमड़ पड़ा। नगर निगम परिसर में ढोल-नगाड़ों की गूंज और आतिशबाजी के बीच जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने जीत का ऐसा डंका बजाया कि हर कोई झूम उठा।
इस ऐतिहासिक कामयाबी की असली रीढ़ वे जांबाज सफाई मित्र रहे हैं, जो कड़कड़ाती ठंड हो या भीषण गर्मी, रोज ब्रह्ममुहूर्त में सुबह तीन बजे ही झाड़ू थामकर सड़कों पर उतर जाते हैं। अपनी इस सफलता पर गदगद सफाई मित्रों ने खुलकर अपना दर्द और जज्बा बयां किया। उन्होंने बताया कि रात-दिन की उनकी यह पसीना बहाने वाली तपस्या आज रंग लाई है और राष्ट्रपति के हाथों मिले सम्मान ने उनकी सारी थकान को छू मंतर कर दिया है। कचरे के ढेरों से शहर को चमकाने वाले इन योद्धाओं का जोश देखते ही बनता था, जिन्होंने मुठ्ठी भींचकर साफ ऐलान किया कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से अब उज्जैन हमेशा नंबर वन ही रहेगा।
इस धमाकेदार जीत के बाद बुधवार शाम को नगर निगम मुख्यालय में उत्सव जैसा माहौल बन गया, जहाँ एमआईसी सदस्य रजत मेहता, योगेश्वरी राठौर, पार्षद शिवेंद्र तिवारी, पंकज चौधरी, अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, संजेश गुप्ता, मनोज मौर्य, प्रफुल्ल गठरे, सुनील जैन और स्वास्थ्य अधिकारी हरीश व्यास समेत तमाम दिग्गजों ने सफाई मित्रों को गले लगाकर मालाएं पहनाईं और मुंह मीठा कराया। इस गौरवशाली पल ने यह साबित कर दिया कि जब जनता, प्रशासन और जमीन पर पसीना बहाने वाले सफाई मित्रों की तिकड़ी मिलती है, तो बड़े से बड़े मुकाम भी हासिल किए जा सकते हैं।