उज्जैन के प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर में सजेगा 56 भोग का दरबार, स्वर्णिम भारत मंच का दूसरा भव्य आयोजन 15 को
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
उज्जैन/-उज्जैन शहर के प्रसिद्ध और प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर में इस बार दीपावली के बाद अन्नकूट महोत्सव की रौनक बेहद खास होने जा रही है। भगवान गणेश की तीन स्वयंसिद्ध प्रतिमाओं वाले इस ऐतिहासिक मंदिर में स्वर्णिम भारत मंच के तत्वावधान में 15 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे भगवान को 56 प्रकार के लजीज व्यंजनों का भव्य अन्नकूट भोग अर्पित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
चिंतामन गणेश मंदिर के पुजारी गणेश गुरु ने बताया कि दीपावली से पूर्णिमा के बीच मंदिरों में नई सब्जियों और परंपरा के अनुसार अन्नकूट लगाने का विधान है। पहले यहां अन्नकूट की परंपरा निरंतर चलती थी, लेकिन बीच के दौर में व्यवस्थाएं गड़बड़ाने के कारण यह आयोजन या तो बंद हो गया था या बेहद सीमित रूप में सिमट गया था। अब गणपति की प्रेरणा से इस ऐतिहासिक परंपरा को एक बार फिर से भव्यता के साथ जीवंत किया जा रहा है, जिससे भक्तों को बड़े स्तर पर प्रसाद का लाभ मिल सके।
स्वर्णिम भारत मंच के अध्यक्ष दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि सुख-समृद्धि के दाता चिंतामन गणेश की आराधना सनातन संस्कृति में हर शुभ कार्य से पहले की जाती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंच और मंदिर समिति के संयुक्त समन्वय से लगातार दूसरे वर्ष इस विशाल अन्नकूट और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। चतुर्मास के बाद और दीपावली के उल्लास के बीच आयोजित होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में भगवान को छप्पन पकवान का भोग लगाने के बाद आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद और भंडारे की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
उज्जैन के इस प्राचीन पावन स्थल पर होने वाले इस धार्मिक महाकुंभ को लेकर स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं में अभी से तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और अन्नकूट के दिन शहरभर से हजारों भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। स्वर्णिम भारत मंच और मंदिर के पुजारी परिवार ने संयुक्त रूप से सभी धर्मप्रेमी जनता से इस भव्य आयोजन में शामिल होकर महाप्रसाद का लाभ लेने की अपील की है।