नई ग्राम पंचायत जगपुरा में शुरू हुआ विकास का नया अध्याय, सरपंच नारायण लाल बैरवा ने संभाला कार्यभार
उपसरपंच शंभू लाल धाकड़ और वार्ड पंचों ने भी ली जिम्मेदारी, पदभार समारोह में आसपास की पंचायतों के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
काछोला :असलम रंगरेज
काछोला - नवगठित ग्राम पंचायत जगपुरा में नई पंचायत सरकार की शुरुआत के साथ ही विकास की उम्मीदों को नई दिशा मिली। नवनिर्वाचित सरपंच नारायण लाल बैरवा ने उपसरपंच शंभूलाल धाकड़ एवं समस्त वार्ड पंचों के साथ विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह मे बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम समारोह में आसपास की ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने भी शिरकत की। धामनिया सरपंच कान सिंह, पूर्व सरपंच भोजराज धाकड़, थलकलां सरपंच हरीश चौधरी, रलायता सरपंच भेरूलाल जाट, सरथला सरपंच सरदार सिंह मीणा, जस्सूजी का खेड़ा सरपंच कार्तिक गुर्जर, काछोला सरपंच गीता देवी माली, मुकुंदपुरिया सरपंच रामलाल धाकड़ एवं गणेशपुरा सरपंच सहित भागचंद जैन, कृष्ण गोपाल पांचाल और राम सिंह धामनिया का स्वागत किया
ग्रामीणों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगी प्राथमिकता
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि नई ग्राम पंचायत के गठन से क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर विकास और जनसमस्याओं के समाधान की नई उम्मीद जगी है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़कें, नालियां, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करना जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय से पंचायत क्षेत्र के विकास में योगदान देना चाहिए।
सरपंच ने दिलाया विकास का भरोसा
पदभार ग्रहण करने के बाद सरपंच नारायण लाल बैरवा ने ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि ग्राम पंचायत जगपुरा को विकास की दृष्टि से आगे ले जाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक गांव और ढाणी की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक पहुंचाने के साथ विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
समारोह के समापन पर ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच एवं वार्ड पंचों को बधाई दी। नवगठित ग्राम पंचायत के गठन के बाद आयोजित इस समारोह को क्षेत्र में नई विकास यात्रा की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।