चंबा
उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा "रैंप" (Raising and Accelerating MSME Performance) कार्यक्रम के तहत 25 और 26 नवंबर 2026 को चंबा में पारंपरिक चंबा चप्पल कारीगरों और उद्यमियों के लिए दो दिवसीय प्रोडक्ट डिज़ाइन एवं डेवलपमेंट प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान चंबा चप्पल निर्माण से जुड़े कारीगरों को विस्तार से बताया गया कि वे अपनी पारंपरिक कला में आधुनिक प्रयोग कैसे कर सकते हैं और बाज़ार की माँग के अनुसार कौन से नए डिज़ाइन और उत्पाद विकसित कर सकते हैं।
पहले दिन के सत्र में 45 वर्षों का अनुभव रखने वाले प्रशिक्षक श्री विश्वजीत जी ने कारीगरों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में मुकाबला करने के लिए अपना मजबूत ब्रांड बनाना बहुत आवश्यक है। उन्होंने चंबा चप्पल को मिले जी आई (GI) टैग के लाभों पर भी प्रकाश डाला और कहा कि चंबा के कारीगरों को एकजुट होकर काम करना होगा, ताकि इस पारंपरिक शिल्प को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि हमें केवल पुराने और पारंपरिक डिज़ाइनों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि नए फैशन ट्रेंड्स, आरामदायक सोल और आधुनिक रंगों के प्रयोग पर भी ज़्यादा ध्यान देना होगा। साथ ही, कारीगरों को अपने व्यवसाय को डिजिटल प्लेटफॉर्म और ई-कॉमर्स से जोड़ने की दिशा में भी काम करने की आवश्यकता है।
दूसरे दिन के सत्र में श्री विश्वजीत जी और अन्य प्रशिक्षकों ने कारीगरों को एमएसएमई (MSME) योजनाओं, वित्तीय सहायता और कच्चे माल की गुणवत्ता सुधारने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अच्छी पैकेजिंग, सटीक फिनिशिंग और प्रभावी ब्रांडिंग ही आने वाले समय में चंबा चप्पल उद्योग का भविष्य तय करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्र में कारीगरों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने और बाज़ार में अपनी एक अलग पहचान बनाने की नई दिशा मिली।
Chamba, Chamba | Nov 27, 2026