उत्तरकाशी में लापता महिला ट्रेकर बबीता पांडे की तलाश तेज, हेलीकॉप्टर से भी खंगाला गया दयारा बुग्याल क्षेत्र!!
उत्तरकाशी जनपद के भटवाड़ी तहसील अंतर्गत विश्वप्रसिद्ध दयारा बुग्याल क्षेत्र से लापता महिला ट्रेकर बबीता पांडे की तलाश लगातार जारी है। महिला का अब तक कोई सुराग न मिलने पर जिला प्रशासन ने खोज अभियान को और तेज करते हुए जमीनी टीमों के साथ-साथ हेलीकॉप्टर के जरिए भी व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं अन्य संबंधित एजेंसियों की संयुक्त टीमें दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों, गहरी खाइयों, घने जंगलों और संभावित मार्गों पर लगातार सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। खोजी दल दिन-रात कठिन परिस्थितियों में महिला की तलाश में जुटे हुए हैं।
रविवार को अभियान को नई गति देते हुए हेलीकॉप्टर की सहायता से दयारा बुग्याल एवं आसपास के विस्तृत क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया गया। हवाई खोज के दौरान दुर्गम इलाकों, गहरी घाटियों और दूरस्थ जंगलों की बारीकी से निगरानी की गई, ताकि महिला के संभावित ठिकाने का पता लगाया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि महिला की सुरक्षित तलाश के लिए हर संभव संसाधन और तकनीकी सहायता का उपयोग किया जा रहा है। फिलहाल खोज एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है और सभी एजेंसियां समन्वित रूप से राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।
दयारा की वादियों में बढ़ी चिंता, पूरे क्षेत्र की निगाहें अब सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं।