फुटपाथी दुकानें हटाने के विरोध में महिलाओं ने घंटाघर पर विरोध प्रदर्शन कर किया चक्काजाम, तहसील ग्राउंड में दुकानें स्थानांतरित करने का जताया विरोध
दमोह। शहर के हृदय स्थल घंटाघर पर सोमवार दोपहर 12 बजे फुटपाथ पर दुकान लगाने वाली बड़ी संख्या में महिलाओं ने दुकानें हटाए जाने के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं ने बैरिकेडिंग कर चक्काजाम किया और नगर पालिका एवं यातायात पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
महिलाओं ने बताया कि वे वर्षों से घंटाघर से सत्कार लॉज तक सड़क किनारे दोनों तरफ दुकानें लगाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। हाल ही में कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर नगर पालिका ने दुकानें हटवाकर तहसील ग्राउंड में स्थान निर्धारित किया है।
महिलाओं का कहना था कि ग्राउंड में खरीदार नहीं पहुंचते, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने दीपावली तक पुरानी जगह पर दुकानें लगाने की अनुमति मांगी। वहीं व्यापारियों द्वारा भी दुकानें हटाए जाने की बात कहे जाने पर आक्रोशित महिलाओं ने व्यापारी संघ के विरोध में भी नारे लगाते हुए किसी भी स्थिति में दुकानें न हटाने की बात कही।
सूचना मिलते ही कोतवाली TI मनीष कुमार, यातायात थाना प्रभारी दलवीर सिंह मार्को दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने कलेक्टर के आदेश का हवाला देकर महिलाओं को समझाइश दी, लेकिन वे नहीं मानीं और वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने की मांग पर सड़क पर बैठ गईं। इससे मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने समझाइश दी लेकिन महिलाएं नहीं मानी और अपनी जिद पर अड़ी रही।
Damoh, Damoh | Nov 2, 2026