मडियादो-कल्लुआ मार्ग पर दिखा बाघ, कार रोककर राहगीरों ने मोबाइल में कैद किया नजारा
दमोह/मडियादो। मडियादो-कल्लुआ मार्ग पर सोमवार को जटाशंकर जा रहे राहगीरों को सड़क किनारे बाघ दिखाई दिया। बाघ नजर आते ही कार सवारों ने वाहन रोक दिया और सुरक्षित दूरी से उसका वीडियो मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया गया कि कुछ देर तक बाघ सड़क किनारे नजर आया, जिसके बाद वह जंगल की ओर चला गया। बफर जोन में लगातार बाघों की गतिविधियां सामने आने से वन विभाग भी निगरानी रख रहा है। मडियादो वन परिक्षेत्र अधिकारी जेपी मिश्रा के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में नजर बनाए हुए है। वन विभाग ने लोगों से बाघ दिखाई देने पर दूरी बनाए रखने, वाहन से बाहर नहीं निकलने और उसका पीछा या घेराव नहीं करने की अपील की है। साथ ही बाघ की लोकेशन सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की सलाह दी गई है।
Damoh, Damoh | Sep 15, 2026