जिला अस्पताल में मानवता शर्मसार: बीमार बच्चे की मां से लगवाया पोछा, वीडियो वायरल होने पर हड़कंप
साफ सफाई व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, 50 से अधिक सफाईकर्मी है अस्पताल में मौजूद
दमोह। जिला अस्पताल में अपने बीमार बेटे का इलाज कराने पहुंची महिला से फर्श पर पोछा लगवाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, तेजगढ़ क्षेत्र के सिमरिया गांव निवासी हल्की बहू अपने बेटे का इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंची थी। बच्चे को दस्त की शिकायत थी। आरोप है कि फर्श पर गंदगी फैलने के बाद ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने महिला से ही सफाई करने को कहा। वायरल वीडियो में महिला पोछा लगाती दिखाई दे रही है। महिला ने भी नर्स के कहने पर सफाई करने की बात कही है।
मामले ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, अस्पताल में तीन सुपरवाइजर और 52 सफाईकर्मी तैनात हैं। अस्पताल प्रबंधन ने सफाई व्यवस्था पर हर महीने 8 से 9 लाख रुपये खर्च होने का दावा किया है। ऐसे में मरीज के परिजन से सफाई कराने की नौबत क्यों आई, यह जांच का विषय है। वीडियो सामने आने के बाद प्रबंधन की ओर से कार्रवाई की बात कही जा रही है।
Damoh, Damoh | Oct 11, 2026