महापौर पारस सिंघवी एवं आयुक्त अभिषेक खन्ना ने किया एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य का सघन निरीक्षण
रेलवे स्टेशन से कलेक्टर बंगले तक प्रत्येक बिंदु का लिया जायजा, देहली गेट सहित प्रमुख चौराहों की व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश।
अनुपयोगी सामग्री हटाकर यातायात सुचारू करने पर जोर
उदयपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने की दृष्टि से निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड परियोजना को लेकर सोमवार को नगर निगम महापौर पारस सिंघवी एवं निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने दोपहर से लेकर सायंकाल तक मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन के सामने से प्रारंभ हो रहे एलिवेटेड रोड निर्माण स्थल से लेकर कलेक्टर बंगले के आगे तक पूरे मार्ग का निरीक्षण करते हुए योजना से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण बिंदु की वस्तुस्थिति का जायजा लिया।
महापौर सिंघवी एवं आयुक्त खन्ना ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति, तकनीकी पहलुओं, प्रस्तावित संरचना, मार्ग की स्थिति तथा निर्माण के दौरान आ रही व्यावहारिक चुनौतियों के बारे में कार्यकारी एजेंसी के अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा स्पष्ट किया कि शहर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण इस योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए।
देहली गेट पर उतरने वाले आर्म की स्थिति का लिया जायजा।
निरीक्षण के दौरान महापौर पारस सिंघवी ने विशेष रूप से देहली गेट क्षेत्र का भी जायजा लिया। यहां एलिवेटेड रोड से नीचे उतरने वाले आर्म के प्रस्तावित स्थानों पर पहुंचकर उन्होंने प्रत्येक स्थान की वस्तुस्थिति देखी। संबंधित अधिकारियों से इन स्थानों पर यातायात की स्थिति, उपलब्ध जगह एवं निर्माण से संबंधित तकनीकी आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण की योजना इस प्रकार तैयार की जाए जिससे भविष्य में यातायात संचालन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आए।
चौराहों को व्यवस्थित एवं यातायात के अनुकूल बनाने के निर्देश।
निरीक्षण के दौरान महापौर पारस सिंघवी ने शहर के प्रमुख चौराहों की स्थिति में सुधार करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उदियापोल चौराहे पर खड़े पेड़ को हटाकर सड़क को चौड़ा करने की संभावनाओं पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों के आवागमन में बाधा नहीं आए। साथ ही उदियापोल मुख्य चौराहे पर ही सर्कल को थोड़ा छोटा कर व्यवस्थित स्वरूप देने के निर्देश दिए। इस हेतु नया टेंडर जारी कर कार्य को जल्द निष्पादित करने के भी निर्देश महापौर द्वारा दिए गए।
महापौर एवं आयुक्त द्वारा सोमवार को किए गए निरीक्षण के दौरान चौराहों पर चारों तरफ लगे अनावश्यक बोर्ड पर भी ध्यान गया जो कि शहर की सुंदरता को बिगाड़ रहे थे उनके साथ यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली अनुपयोगी वस्तुओं को तत्काल हटाने के लिए भी कहा गया।
एलिवेटेड रोड के नीचे विकसित होगी पार्किंग, टीन शेड हटाने के निर्देश।
महापौर ने एलिवेटेड रोड के नीचे अवरोधक रूप में लगे टीन शेड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि इन टीन शेड के कारण कई स्थानों पर लोगों द्वारा मूत्रालय के रूप में उपयोग किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में गंदगी एवं दुर्गंध की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर इन अनुपयोगी टीन शेड एवं अन्य अव्यवस्थित सामग्री को हटाने के निर्देश दिए। महापौर एवं आयुक्त ने स्पष्ट किया कि भविष्य में एलिवेटेड रोड के नीचे उपलब्ध पूरे स्थान को व्यवस्थित पार्किंग के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है इसके लिए अभी से उसी अनुरूप स्थान का नियोजन एवं विकास किया जाए, ताकि एलिवेटेड रोड योजना पूर्ण होने के बाद इस स्थान का अधिकतम उपयोग हो सके। जहां-जहां गर्डर स्थापित किए जा चुके हैं, वहां उनके नीचे रखी निर्माण सामग्री एवं अनुपयोगी वस्तुओं को तत्काल हटाकर स्थान को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्माण के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र का सुव्यवस्थित विकास भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा हो निर्माण कार्य।
महापौर पारस सिंघवी ने कार्यकारी एजेंसी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि योजना को जल्द से जल्द पूरा करना आवश्यक है, लेकिन संपन्न हो रहे कार्य की गति के साथ निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री, तकनीकी मानकों एवं कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने भी निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रत्येक चरण की प्रगति की जानकारी समय-समय पर साझा की जाए। योजना से संबंधित सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे किसी भी स्तर पर काम बाधित नहीं हो।
महापौर ने कार्यकारी एजेंसी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण के दौरान सामने आ रही प्रत्येक तकनीकी, प्रशासनिक अथवा अन्य कठिनाई को तत्काल निगम अधिकारियों के साथ साझा करें, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके। किसी भी समस्या को लंबित रखकर कार्य की गति प्रभावित नहीं होने दी जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा, अधिशासी अभियंता अखिल गोयल, सहायक अभियंता सुनील प्रजापत सहित कार्यकारी एजेंसी के प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Badgaon, Udaipur | Nov 16, 2026