आलावाडा गांव में शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी भीषण आग, 4.65 लाख का नुकसान और आग बुझाने में एक युवक झुलसा
हिंडौन सिटी उपखंड की ग्राम पंचायत मिल्कीपुरा के गांव आलावाडा में सोमवार को एक मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में पीड़ित परिवार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है, जिससे पूरा परिवार गहरे सदमे में है।वार्ड पंच कुंवर सिंह ने बताया कि आलावाडा निवासी राजवीर सिंह और सुगर सिंह गुर्जर का परिवार सुबह घर के आंगन में बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक एक कमरे से धुआं उठता दिखाई दिया और अलमारी के शीशे चटकने की तेज आवाज सुनाई दी। परिजन तुरंत कमरे की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने एक कमरा, हॉल और किचन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था।शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पानी की मोटर चलाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। आग बुझाने के प्रयास में 22 वर्षीय युवक ऐलन गुर्जर झुलस भी गया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, इस आगजनी में घर में रखी करीब 1.65 लाख रुपए की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, कीमती घरेलू सामान और कृषि उपकरण जलकर राख हो गए। घटना की सूचना मिलने पर सरपंच और पटवारी बृजमोहन मीना मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। पटवारी द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में करीब 4.65 लाख रुपए का नुकसान आंका गया है।