चित्रकला में हुनर दिखा रही हैं तोशाम की छात्रा काफी
काफी ने पीएम, सीएम व कैबिनेट मंत्री के तैयार किए हैं आकर्षक चित्र
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 9 अक्टूबर को पानीपत में प्रस्तावित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेंगी छात्रा काफी
तोशाम, 03 अक्टूबर।
कहते हैं कि हौसलों में जान हो, तो हुनर दिखाने के लिए किसी खास प्रशिक्षण की आवश्यकता नहीं होती। इस बात को सच कर दिखाया है राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तोशाम की 11वीं कक्षा की छात्रा काफी ने। काफी चित्रकला में जिले में दो बार दूसरे स्थान पर रह चुकी हैं। अब सेवा संकल्प अभियान के तहत 9 अक्टूबर को पानीपत में प्रस्तावित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में तोशाम के सरपंच राजेश तंवर व प्राचार्या नीलम रानी ने छात्रा को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आठवीं कक्षा से शुरू हुआ चित्रकारी का सफर....
काफी के पिता सुभाष परिवार के पालन-पोषण के लिए पेंटर का काम करते हैं। सुभाष बताते हैं कि काफी ने तीन-चार साल पहले कागजों पर चित्र बनाना शुरू किया था। धीरे-धीरे उसका यह शौक कला के हुनर में बदल गया। आज किसी भी व्यक्ति का हू-ब-हू चित्र बना देती है। उन्होंने बताया कि बेटी ने इस कला के लिए कोई प्रशिक्षण नहीं लिया। काफी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी, प्रेमानन्द महाराज, धीरेंद्र शास्त्री, फिल्मी हीरो धर्मेंद्र, शाहरूख खान, अक्षय खन्ना, छत्रपति शिवाजी के अलावा गणेश, हुनमान जी, राधा-कृष्ण, श्याम बाबा, श्री राम, मीरा बाई सहित विभिन्न देवी-देवताओं के चित्र तैयार कर चुकी हैं। उन्होंने पूरी एक एलबम तैयार कर रखी है। इन आकृतियों में उसकी रचनात्मकता साफ नजर आती है।
पढ़ाई के साथ कला को देती हैं रोजाना समय---
काफी अपनी पढ़ाई के साथ प्रतिदिन करीब एक से दो घंटे कला को देती हैं। प्राचार्या नीलम रानी सहित शिक्षक कला से जुड़े काम को आगे बढ़ा रही हैं। शिक्षक उसे लगातार प्रोत्साहित करते हैं और उसकी कला को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
प्राचार्या नीलम रानी ने बताया कि छात्रा काफी के हाथों से तैयार चित्र उसकी प्रतिभा की झलक देती हैं। छात्रा काफी मेहनत से इस हुनर को निखार रही हैं। विद्यालय प्रशासन छात्रा काफी को आगे बढाने के लिए हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है।