संभागायुक्त श्री दिलीप कुमार ने स्वामीत्व योजना की समीक्षा कर दिए शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के निर्देश
--
सागर संभागीय आयुक्त श्री दिलीप कुमार ने संभाग अंतर्गत स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संभाग के समस्त जिलों के कलेक्टर, राजस्व अधिकारी एवं संभागीय व जिला स्तरीय संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संभागीय आयुक्त ने योजना के तहत शेष बचे कार्यों को समयबद्ध सीमा में पूर्ण करने हेतु स्पष्ट निर्देश जारी किए। जहां उन्होंने कहा है कि जहां भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधाएं आ रही हैं, उनका तत्काल निराकरण किया जाए।
स्वामित्व पत्रों के वितरण से पूर्व प्राप्त होने वाले दावे-आपत्तियों का निराकरण पारदर्शी और त्वरित प्रक्रिया से किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार का भू-विवाद उत्पन्न न हो। तैयार किए गए अधिकार अभिलेखों का वितरण पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
इसी प्रकार राजस्व एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास के अधिकारी आपस में निरंतर समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे क्रियान्वयन में कोई विलंब न हो।
संभाग आयुक्त ने स्पष्ट किया कि योजना की प्रगति की समीक्षा हर सप्ताह जिला एवं संभाग स्तर पर की जाएगी। कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में आयुक्त श्री दिलीप कुमार ने निर्देश दिए कि शासन की इस अतिमहत्वकांक्षी योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्तियों के डिजिटलीकरण का कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
बैठक में एनआईसी कक्ष टीकमगढ़ से कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय, जिला पंचायत सीईओ श्री विशाल धाकड़, अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh