🔳बाल विवाह उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर जिले भर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
🔳कलेक्टर और एसपी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जागरूकता रथ, शैक्षणिक संस्थानों सहित आंगनबाड़ी केन्द्रों में दिया बाल विवाह रोकथाम का संदेश
🔳कटनी - जिले में बाल विवाह की रोकथाम के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन सजग एवं सचेत है। इसी परिपेक्ष्य में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शुक्रवार को बाल विवाह उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य में जिले भर में जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
*जागरूकता रथ जगाएगा जिले भर में बाल विवाह रोकथाम की अलख*
बाल विवाह रोकथाम हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना किया। जागरूकता रथ जिले के सभी विकासखण्डों में भ्रमण कर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का संदेश जिले के प्रत्येक घर तक पहुंचाने का कार्य करेगा। जागरूकता रथ द्वारा कटनी विकासखण्ड अंतर्गत रेल्वे स्टेशन, शासकीय जिला चिकित्सालय कटनी, परियोजना कार्यालय कटनी शहरी एवं मुडवारा, शासकीय कन्या महाविद्यालय एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों का भ्रमण कर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का प्रचार प्रसार किया गया।
*कैन्डल मार्च से दिया बाल विवाह रोकथाम का संदेश*
आकांक्षी विकासखण्ड रीठी में बाल विवाह उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस की पूर्व संध्या पर स्थानीय जनों द्वारा कैन्डल मार्च के माध्यम से बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया। कैन्डल मार्च का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग एवं संकल्प समाज सेवी संस्था के संयुक्त तत्वाधान में विकासखण्ड के ग्रामों में किया गया। ग्रामीणजनों, किशोर बालक बालिकाओं एवं समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता कैन्डल मार्च आयोजन का मुख्य आकर्षण रही।
*आंगनवाडी केन्द्रों में दिलाई बाल विवाह रोकथाम की शपथ*
जिले भर के 1713 आंगनवाडी केन्द्रों में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान अंतर्गत सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सामूहिक शपथ ग्रहण के माध्यम से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान में सामुदायिक सहभागिता को सुनिश्चित करते हुए जन आंदोलन का रूप देनें का संकल्प लिया गया। महिलाओं, किशोरी बालिकाओं एवं स्थानीयजनों द्वारा बड़ी संख्या में बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण की शपथ ली गई।
*शैक्षणिक संस्थानों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों का हुआ आयोजन*
शासकीय महाविद्यालय रीठी में संकल्प समाज सेवी संस्था एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल विवाह रोकथाम पर उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में युवा छात्र छात्राओं को बाल विवाह उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं से आह्वान किया गया कि बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण के लिए आगें आए एवं बाल विवाह की सूचना प्राप्त होनें पर टोल फ्री चाईल्ड हेल्प लाईन नंबर 1098 एवं 112 पर सम्पर्क करें। कार्यक्रम में सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती, श्री मनीष तिवारी, श्री गोवर्धन रज़क, महाविद्यालय के छात्र छात्राओं एवं प्राध्यापक गण की उपस्थिति रही।
इसी प्रकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक सांदीपनी विद्यालय कटनी में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। श्रीमती शैली तिवारी प्रशासक वन स्टॉप सेन्टर जिला कटनी एवं श्रीमती शैलजा पाण्डेय सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा छात्रों एवं शिक्षकों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के वैधानिक प्रावधानों से अवगत करवाया गया एवं बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलायी गई।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी