🔳पतने नदी में ग्रामीणों ने श्रमदान से किया बोरी बंधान, जल संरक्षण का लिया संकल्प
🔳जल संचय अभियान के तहत मंगेला गांव में हुई पहल, भूजल स्तर बढ़ाने और सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने का प्रयास
🔳कटनी - जल संरक्षण के लिए सामूहिक भागीदारी की दिशा में ग्राम मंगेला के ग्रामीणों ने सराहनीय पहल की। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित जल संचय अभियान के अंतर्गत ग्राम मंगेला स्थित पतने नदी में ग्रामीणों के सहयोग से बोरी बंधान तैयार किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में नवांकुर संस्था आयुष जनकल्याण सेवा समिति पटना (मढ़िया), सेक्टर बाकल की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति मंगेला द्वारा यह पहल की गई।
इस पहल के माध्यम से नदी के पानी को रोकने से आसपास के क्षेत्र में भूजल स्तर बढ़ाने और किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक श्री अरविंद शाह ने ग्रामीणों को जल संचय और संरक्षण का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन का आधार है। वर्षा जल और नदी-नालों में बहने वाले पानी को रोककर उसका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे छोटे-छोटे प्रयास भविष्य में जल संकट से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बोरी बंधान निर्माण में नवांकुर संस्था के सेक्टर प्रभारी धनीराम लोधी, परामर्शदाता रामसिंह पटैल, रविन्द्रनाथ, द्विवेन्दु यादव, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष रामभरोस लोधी, सचिव मनोहर लोधी, परमानंद लोधी, मनीराम, नरेंद्र, आनंद कुमार, लोचन, कन्हैया, सत्यम, ग्राम सेवक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने श्रमदान किया।
ग्रामीणों ने सामूहिक सहभागिता से जल संरक्षण का संदेश देते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों में सक्रिय सहयोग करने का संकल्प लिया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी