🔳बाल विवाह रोकथाम हेतु शासकीय महाविद्यालय रीठी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
🔳कटनी – बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय रीठी में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरविंद वासनिक ने की।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती ने बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह करवाने तथा इसमें सहयोग करने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह रोकने के लिए अधिकारियों की नियुक्ति की जाती है और इसे रोकने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष कदम उठाए जाते हैं।
समाजसेवी श्री रतीलाल रैदास ने छात्राओं की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बेटियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियों को पढ़ने और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए। वहीं जिला कोऑर्डिनेटर श्री गोवर्धन रजक ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विवाह से पहले उनकी शिक्षा, आत्मनिर्भरता और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देना आवश्यक है।
राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. गरिमा सिंह ने कहा कि हमें ऐसा समाज बनाना है, जहां बाल विवाह की जगह शिक्षा के प्रति उत्साह हो और बेटियों को बोझ नहीं, बल्कि भविष्य की शक्ति माना जाए। बच्चों के सपनों को विवाह की जिम्मेदारियों में बांधने के बजाय उन्हें अवसर और प्रोत्साहन देकर आगे बढ़ाना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक मनीष तिवारी, नीति आयोग के अंशुल श्रीवास्तव, श्रीमती आकांक्षा दुबे, श्री सुरेश यादव, श्री शेष यादव सहित महाविद्यालय की डॉ. पूजा श्रीवास्तव, डॉ. शैल कुमारी, डॉ. मातेश्वरी एवं डॉ. पूनम शुक्ला उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. गीता शर्मा ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने की शपथ ली।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी