प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के कार्यों की निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
15 अक्तूबर तक प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश, चार प्रमुख विकास कार्यों की होगी शुरुआत
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा, 25 अगस्त
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित विकासात्मक कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने लोक निर्माण विभाग को सभी प्रस्तावित कार्यों की निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए इसे 15 अक्तूबर तक पूर्ण करने को कहा है।
उपायुक्त मंगलवार को प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निविदा प्रक्रिया समय पर पूरी होने से विकास कार्यों को जल्द शुरू किया जा सकेगा और उन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत अल्पसंख्यक समुदाय बहुल क्षेत्रों में चार महत्वपूर्ण विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डियूर, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भंजराडू, इनडोर स्टेडियम तीसा तथा इनडोर स्टेडियम भंजराडू शामिल हैं।
उपायुक्त ने संबंधित उपमंडलाधिकारियों, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग, जिला कल्याण अधिकारी और जिला खेल अधिकारी को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं, ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरा होने से पहले प्रस्तावित उपकरणों और अन्य मूलभूत सुविधाओं का प्राक्कलन तैयार कर लिया जाए। इससे निर्माण पूरा होने के बाद सुविधाओं के संचालन में किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि विकासात्मक परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए।
जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने बैठक में अवगत करवाया कि योजना के तहत प्रस्तावित सभी विकासात्मक कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है।
बैठक में उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर, जिला खेल अधिकारी रूपेश कुमार सहित उपमंडलाधिकारी सलूणी और अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
#चंबा #प्रधानमंत्रीजनविकासकार्यक्रम #PMJVK #मुकेशरेपस्वाल #जिलाप्रशासनचंबा #विकासकार्य #लोकनिर्माणविभाग #PWD #डियूर #भंजराडू #तीसा #इनडोरस्टेडियम #आईटीआईभंजराडू #शिक्षा #खेलसुविधाएं #अल्पसंख्यकविकास #चंबान्यूज #हिमाचलन्यूज #PangiLiveNews #PangiLiveNewsUpdate
Chamba, Chamba | Aug 25, 2026