पक्काटाला-बालू मार्ग की बदहाली पर डीसी सख्त, जल्द तैयार होगा पुनर्निर्माण का प्राक्कलन
खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर होगी कार्रवाई, जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था तलाशने के निर्देश
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा, 25 अगस्त।
पक्काटाला-बालू संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने मंगलवार को राजकीय माध्यमिक विद्यालय पक्काटाला के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को सड़क के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग और नगर परिषद के वरिष्ठ अधिकारियों को शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क के पुनर्निर्माण में अनावश्यक देरी न हो।
खुले में कूड़ा फेंकने पर डीसी सख्त
पक्काटाला क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में खुले में कूड़ा-कचरा पाए जाने पर उपायुक्त ने नगर परिषद के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि कूड़ा-कचरा निष्पादन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि खुले में कूड़ा फेंकने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। साथ ही शहरवासियों से खुले में कूड़ा न फेंकने और कचरे के उचित निष्पादन में नगर परिषद का सहयोग करने की अपील की।
जल निकासी की समस्या का निकलेगा समाधान
क्षेत्र में बारिश और अन्य जल की निकासी की समस्या को देखते हुए उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को वैकल्पिक जल निकासी व्यवस्था तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पक्काटाला क्षेत्र में पानी की उचित निकासी के लिए प्रभावी प्रावधान सुनिश्चित किया जाना जरूरी है, ताकि सड़क और आसपास के क्षेत्र को भविष्य में नुकसान से बचाया जा सके।
उपायुक्त ने पक्काटाला स्थित पशुपालन विभाग के कार्यालय परिसर में प्रस्तावित पशु जन्म नियंत्रण भवन के लिए चिन्हित स्थल का भी निरीक्षण किया और नगर परिषद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने उपायुक्त के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लोगों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी चिराग शर्मा, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद राशि कौशल, अधिशासी अभियंता कनाव बड़ोत्रा, पार्षद तन्नवी गोस्वामी, सहायक अभियंता दिनेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता नीतिका ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
#चंबा #पक्काटाला #बालू #पक्काटालाबालूमार्ग #मुकेशरेपस्वाल #डीसीचंबा #सड़कसमस्या #PWD #लोकनिर्माणविभाग #नगरपरिषदचंबा #जलनिकासी #कूड़ाकचरा #स्वच्छचंबा #पशुजन्मनियंत्रण #चंबान्यूज #हिमाचलन्यूज #PangiLiveNews #PangiLiveNewsUpdate #ChambaNews #HimachalNews
Chamba, Chamba | Aug 25, 2026