जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय की रोगी कल्याण समिति की बैठक में कई अहम फैसले
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा, 25 अगस्त
जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय की रोगी कल्याण समिति के तहत गवर्निंग बॉडी की बैठक मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की। इस दौरान चिकित्सालय की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा के साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने और संस्थान की आय बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि लोगों की सुविधा के लिए नगर परिषद चंबा के सहयोग से जिला मुख्यालय सहित विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने चिकित्सालय की आय के साधनों को बढ़ाने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 के तहत 11.43 लाख रुपये की राशि के लिए पूर्व में ली गई अनुमति को कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त लंबित 1.46 लाख रुपये के भुगतान से संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के शुल्क निर्धारित
रोगी पर्ची शुल्क और स्वर्णप्राशन शुल्क निर्धारित करने के साथ विभिन्न सेवाओं के शुल्क में वृद्धि के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसके तहत रोगी पर्ची शुल्क 10 रुपये, सात दिन के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र का शुल्क 200 रुपये, ड्राइविंग लाइसेंस के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र का शुल्क 100 रुपये, फूड हैंडलर मेडिकल फिटनेस एवं गन लाइसेंस के लिए 180 रुपये, स्वर्णप्राशन शुल्क 30 रुपये तथा फर्स्ट एड कोर्स के लिए मेडिकल फीस 1000 रुपये निर्धारित की गई।
संस्थान में किए जाने वाले 15 प्रकार के रक्त जांच परीक्षणों के निर्धारित शुल्क को भी बैठक में अनुमोदित किया गया।
सुविधाओं के विस्तार और व्यवस्थाओं पर भी खर्च को मंजूरी
बैठक में चिकित्सालय की पंचकर्म पाठशाला के निर्माण के लिए 3 लाख रुपये, लैब अभिकर्मक के लिए 1.50 लाख रुपये, आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए 1.48 लाख रुपये, विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए 2.20 लाख रुपये, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन के लिए 1.35 लाख रुपये तथा साफ-सफाई व्यवस्था के लिए 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
बैठक में जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनीता शर्मा ने स्वागत संबोधन किया, जबकि चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलविंदर संधू ने संस्थान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कार्यवाही का संचालन डॉ. दीपिका ने किया।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष रेखा कुमारी, नगर परिषद अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी, गैर सरकारी सदस्य सुरेश ठाकुर व विजय कुमार, एमओएच डॉ. कविता महाजन, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास कमल किशोर, प्राचार्य राजकीय उत्कृष्ट स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा राकेश राठौर, सहायक अभियंता तेजू राम ठाकुर, दिनेश कुमार, ओएसडी शिक्षा उमाकांत आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गवर्निंग बॉडी के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।
#चंबा #आयुर्वेदिकचिकित्सालय #रोगीकल्याणसमिति #आयुर्वेद #स्वास्थ्यसेवा #स्वास्थ्यजांचशिविर #मुकेशरेपसवाल #जिलाप्रशासनचंबा #स्वास्थ्यसुविधाएं #पंचकर्म #स्वर्णप्राशन #चंबान्यूज #PangiLiveNews #PangiLiveNewsUpdate #HimachalPradesh #ChambaNews #HimachalNews
Chamba, Chamba | Aug 25, 2026