#Balrampur ! बैंकों और डाकघरों की सुरक्षा पर पुलिस का पहरा, संदिग्धों की हुई सघन जांच...
सीसीटीवी और सुरक्षा उपकरणों की परखी गई व्यवस्था, खाताधारकों को साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके...
#बलरामपुर। जिले में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए बलरामपुर पुलिस ने शुक्रवार को बैंकों, डाकघरों, जनसेवा केंद्रों और अन्य वित्तीय संस्थानों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बैंकों और डाकघरों के अंदर तथा आसपास मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बातचीत कर सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली गई। साथ ही सीसीटीवी कैमरों, फायर अलार्म और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता भी परखी गई।
पुलिस ने बैंक और वित्तीय संस्थानों में मौजूद लोगों को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित बैंकिंग के तरीके बताए। बैंक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाया गया यह अभियान वित्तीय संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आमजन को साइबर अपराधों से बचाने के उद्देश्य से चलाया गया। बलरामपुर पुलिस ने ऐसे अभियान लगातार जारी रखने की बात कही।
#balrampurpolice