भारत की जनगणना–2027 को लेकर डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन की जनपदवासियों से खास अपील, डिजिटल माध्यम से खुद करें स्वगणना।
घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी, स्वगणना पूरी होने पर मिलेगी यूनिक आईडी
बलरामपुर। भारत की जनगणना–2027 को सफल एवं सटीक बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जनपदवासियों से बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास, भविष्य की योजनाओं और सरकारी नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी राष्ट्रीय जिम्मेदारी है।
डीएम ने बताया कि इस बार जनगणना–2027 डिजिटल स्वरूप में आयोजित की जा रही है। इसमें स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की विशेष सुविधा दी गई है, जिसके माध्यम से लोग स्वयं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां दर्ज कर सकेंगे।
स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा। जब जनगणना कार्मिक घर पहुंचेंगे, तब उन्हें यह यूनिक आईडी उपलब्ध करानी होगी, जिससे ऑनलाइन दर्ज जानकारियों का सत्यापन किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल स्वगणना से जनगणना प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। इससे आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वगणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, अपने परिवार की सही एवं सटीक जानकारी दर्ज करें और जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को पूरा सहयोग प्रदान करें।
डीएम की अपील: जनगणना में हर नागरिक की भागीदारी देश के बेहतर भविष्य की आधारशिला है। आइए, सटीक जनगणना के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाएं और विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दें।
#BalrampurNews #UPNews #जनगणना2027 #Census2027 #DigitalCensus #SelfEnumeration #स्वगणना #DMBalrampur #डॉविपिनकुमारजैन #बलरामपुरसमाचार #उत्तरप्रदेशसमाचार #जनगणना #विकसितभारत #UPGovernment DM Balrampur
Balrampur, Balrampur | Nov 12, 2026