#Balrampur ! हेलमेट-सीट बेल्ट को बनाएं आदत, सड़क हादसों से बचाएं जीवन...
यातायात माह में पुलिस का विशेष अभियान, नियमों के प्रति किया जागरूक; गोल्डन ऑवर में घायलों की मदद करने की अपील
#बलरामपुर। यातायात माह नवंबर के तहत गुरुवार को यातायात पुलिस ने जिले के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर विशेष जागरूकता एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान वाहन चालकों, व्यापारियों और आमजन को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी यातायात विजय कुमार पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक यातायात सुभाष मौर्य ने लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में ड्राइविंग न करने की सलाह दी। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और जल्दबाजी से बचने की अपील की गई।
अभियान के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद और गोल्डन ऑवर के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद पहला एक घंटा घायल के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिलने से उसकी जान बचाई जा सकती है। लोगों को यह भी बताया गया कि गुड समैरिटन (नेक व्यक्ति) कानून के तहत घायलों की मदद करने वाले व्यक्ति को अनावश्यक पुलिस पूछताछ या परेशानी से सुरक्षा प्रदान की गई है।
यातायात पुलिस ने दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सभी यात्रियों को सीट बेल्ट लगाने और सड़क संकेतों व यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी किसी की जिंदगी बचा सकती है।
#Balrampur #balrampurpolice