10,748 लाभार्थियों को मिला नया राशन कार्ड, 15 लोगों को डीएम ने सौंपा कार्ड
जहानाबाद : जिले में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 10,748 लाभार्थियों को नए राशन कार्ड का लाभ मिला है। गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर में नवनिर्मित राशन कार्ड वितरण एवं नवचयनित जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति प्रदान करने के कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसमें जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया भी शामिल हुईं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यभर के करीब 24 लाख लाभार्थियों को नए राशन कार्ड का लाभ प्रदान किया। साथ ही 1,448 नवचयनित जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति जारी की गई। जहानाबाद में डीएम ने 15 लाभार्थियों के बीच नए राशन कार्ड का वितरण किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत विकास दिवस और सहयोग शिविरों के माध्यम से शेष पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाया जाए। साथ ही प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए।