जहानाबाद में कृषि यांत्रिकीकरण मेले का शुभारंभ, 45 किसानों को मिले 35 लाख के कृषि यंत्र
दो दिवसीय मेले में लगाए गए 26 स्टॉल, किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
जहानाबाद :
शहर के काको रोड स्थित संयुक्त कृषि भवन परिसर में गुरुवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि यांत्रिकीकरण मेला-सह-किसान मेला का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पीयूष ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेला 13 नवंबर तक आयोजित होगा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने और कृषि कार्यों को आसान बनाने के लिए सरकार अनुदानित दर पर कृषि यंत्र उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, अनियमित वर्षा, बढ़ते तापमान और खेती की बढ़ती लागत जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनानी चाहिए। उन्होंने जैव उर्वरक और जैविक कीटनाशकों के उपयोग पर भी जोर दिया।