किंजर बाजार में बड़ी चोरी से दहशत, ज्वेलरी दुकान से 90 लाख का माल उड़ाया
अरवल किंजर बाजार में लगातार हो रही चोरी की छोटी घटनाओं के बीच बुधवार की रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी। किंजर चौक स्थित परमानंद एंड सोनी ज्वेलर्स का शटर तोड़कर चोर दुकान में घुसे और लॉकर खोलकर करीब 400 ग्राम सोने के आभूषण, आठ किलो चांदी तथा करीब 10 लाख रुपये नकद ले गए। दुकानदार के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये है।
गुरुवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक परमानंद सोनी ने शटर क्षतिग्रस्त देखा। अंदर जाने पर ज्वेलरी का लॉकर खुला मिला और उसमें रखे आभूषण गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंच गए। जांच के दौरान दुकान के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे का तार भी कटा मिला।
सूचना पर किंजर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए दुकान के आसपास घेरा बनाया गया। पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया। एफएसएल टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए, जबकि बाद में पहुंची डॉग स्क्वायड टीम ने भी जांच की।
शुक्रवार को अरवल पुलिस अधीक्षक डॉ. नवजोत सिमी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। दुकानदार ने थाने में लिखित शिकायत देकर चोरी गए सामान का विवरण पुलिस को दिया है।
घटना के बाद बाजार के व्यवसायियों में दहशत है। दुकानदारों का कहना है कि पहले बाजार में खाद्य सामग्री, फल और दुकानों में रखी नकदी जैसी छोटी चोरियां हो रही थीं, लेकिन अब इतनी बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि विभिन्न स्तरों से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर मामले के उद्भेदन का प्रयास जारी है।
Jehanabad, Jehanabad | Sep 18, 2026