श्री बदरीनाथ धाम से माउंट माना अभियान 2026 का शुभारंभ
चमोली/बदरीनाथ। उच्च हिमालयी क्षेत्र में साहस, धैर्य और पर्वतारोहण कौशल की परीक्षा लेने वाले माउंट माना अभियान 2026 का शुभारंभ गुरुवार को श्री बदरीनाथ धाम से हुआ। 31 सदस्यीय अभियान दल को गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, VSM ने फ्लैग ऑफ कर अभियान के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर अभियान का ध्वज अभियान लीडर कैप्टन सुरेंद्र सिंह और डिप्टी लीडर सूबेदार सुनील सिंह नेगी को सौंपा गया। फ्लैग ऑफ के बाद अभियान दल ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए और अभियान की सफलता के साथ सभी सदस्यों की सुरक्षित वापसी के लिए आशीर्वाद लिया।
माउंट माना को चुनौतीपूर्ण और तकनीकी रूप से कठिन उच्च हिमालयी चोटी माना जाता है। अभियान दल के सदस्य कठोर प्रशिक्षण और पूरी तैयारी के साथ अभियान पर रवाना हुए हैं। अभियान के दौरान सुरक्षा, अनुशासन, टीम भावना और लक्ष्य प्राप्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अभियान दल के सदस्यों और उपस्थित सैन्य कार्मिकों ने पौधरोपण कर हिमालयी पर्यावरण, जैव-विविधता और प्राकृतिक पारिस्थितिकी के संरक्षण का संदेश दिया।
मीडिया से बातचीत में अभियान से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम की पवित्र भूमि से अभियान का शुभारंभ होना पूरे दल के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि भगवान बदरी विशाल के आशीर्वाद और अभियान दल के सामूहिक प्रयास से लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल करने का पूरा विश्वास है।
अधिकारियों ने कहा कि माउंट माना अभियान 2026 भारतीय सेना और गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर की साहस, समर्पण और उत्कृष्ट पर्वतारोहण परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। वहीं, वृक्षारोपण के माध्यम से हिमालय की जैव-विविधता और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण का संदेश भी दिया गया है।
#garhwalrifles #IndianArmyChief #badrinathdham