रक्षाबंधन पर्व पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिलावटी रसगुल्ला फैक्ट्री बंद
हरदोई। रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर मिलावटी एवं खराब खाद्य पदार्थों को जब्त कर नष्ट कराया और विधिक कार्रवाई शुरू की।
विकास नगर में अवैध रसगुल्ला फैक्ट्री पर छापा
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विकास नगर में आरा मशीन के पास संचालित एक अवैध रसगुल्ला फैक्ट्री पर छापा मारा। मौके पर कारोबारी उदय भान द्वारा अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रसगुल्ले तैयार किए जा रहे थे।
कार्रवाई के दौरान बिक्री के लिए रखा करीब 1.25 क्विंटल मिलावटी एवं खराब रसगुल्ला बरामद हुआ। फैक्ट्री में सूजी, डालडा, रिफाइंड तेल और मिल्क पाउडर भी मिला, जिनका उपयोग रसगुल्ला तैयार करने में किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा टीम ने रसगुल्ले के दो तथा क्षेना का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया। मौके पर रखे करीब 1.25 क्विंटल रसगुल्ले और एक क्विंटल क्षेना को नष्ट कराया गया।
जांच में फैक्ट्री बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित मिली। साथ ही परिसर में बेहद अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत परिसर को बंद करा दिया गया है और विधिक कार्रवाई शुरू की गई है।
सिरौली कासिमपुर में खोया निर्माण इकाई पर कार्रवाई
विभाग की दूसरी टीम ने संडीला क्षेत्र के सिरौली कासिमपुर स्थित खोया निर्माण इकाई पर भी कार्रवाई की। कारोबारी राजेश कुमार पुत्र दयाराम के परिसर से खोया के दो नमूने और दूध का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।
परिसर में करीब 100 किलोग्राम खराब दूध पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। जांच के दौरान इकाई बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित पाई गई। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत तत्काल प्रभाव से व्यापार बंद रखने का निर्देश दिया गया है। कारोबारी को लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही दोबारा व्यापार शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग द्वारा रक्षाबंधन पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
Bilgram, Hardoi | Aug 25, 2026