मुख्य विकास अधिकारी के आकस्मिक निरीक्षण में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं में मिली खामियां, कई कर्मचारियों पर कार्रवाई
हरदोई, 25 अगस्त 2026। मुख्य विकास अधिकारी ने विकासखंड टड़ियावां के अंतर्गत डिजिटल लाइब्रेरी नानकगंज ग्रंट, प्राथमिक विद्यालय कन्जड़पुरवा तथा आंगनबाड़ी केंद्र कन्जड़पुरवा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डिजिटल लाइब्रेरी नानकगंज ग्रंट का रख-रखाव संतोषजनक पाया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत को लाइब्रेरी की सभी सेल्फों और पुस्तकों की कोडिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि लाइब्रेरियन को पाठकों को पुस्तकें उपलब्ध कराने में सुविधा हो। इसके अलावा पाठकों के कार्ड बनाने, लाइब्रेरी को वातानुकूलित करने तथा पाठकों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद प्राथमिक विद्यालय कन्जड़पुरवा के निरीक्षण में कई कमियां सामने आईं। विद्यालय परिसर में घास और झाड़ियां खड़ी मिलीं। हैंडवॉश यूनिट में टोंटी न लगी होने के कारण रनिंग वाटर की सुविधा नहीं थी, जबकि शौचालय में प्रकाश व्यवस्था भी नहीं पाई गई। विद्यालय में फर्नीचर अपर्याप्त मिला और कुछ फर्नीचर मरम्मत योग्य पाया गया।
विद्यालय में पंजीकृत 155 बच्चों के सापेक्ष मात्र 70 बच्चे उपस्थित मिले। उपस्थित बच्चों में भी कई बच्चे यूनिफॉर्म में नहीं थे। रसोईघर के बाहर एमडीएम मीनू प्रदर्शित नहीं किया गया था और रसोईघर के अंदर साफ-सफाई का भी अभाव पाया गया। परिसर में रखे डस्टबिन का समुचित उपयोग नहीं किया जा रहा था।
बच्चों के शैक्षिक स्तर का जायजा लेने के लिए कक्षा चार के बच्चों को बोर्ड पर पढ़वाया गया। निरीक्षण में बच्चों के शैक्षिक स्तर के अनुसार मैपिंग कर शिक्षण कार्य कराने की आवश्यकता पाई गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय परिसर और कक्षों की समुचित साफ-सफाई कराने, हैंडवॉश यूनिट में टोंटी लगाकर रनिंग वाटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
लापरवाही के दृष्टिगत प्रधानाध्यापक ममता तिवारी, ग्राम पंचायत सचिव विजय वर्मा तथा पर्यवेक्षकीय उत्तरदायित्व के लिए खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार झा का अग्रिम आदेशों तक माह अगस्त 2026 का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में भी मिली कमियां
आंगनबाड़ी केंद्र कन्जड़पुरवा के निरीक्षण के दौरान पंजीकृत 39 बच्चों के सापेक्ष मात्र 11 बच्चे उपस्थित पाए गए। केंद्र पर वजन मशीन उपलब्ध नहीं थी, जबकि लंबाई मापने का यंत्र खराब मिला।
आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन विद्यालय के बरामदे में किया जा रहा था, जबकि विद्यालय में एक कक्ष खाली उपलब्ध था। बच्चों की कम उपस्थिति और केंद्र का संचालन निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप नहीं पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री उर्मिला यादव, मुख्य सेविका उमा गुप्ता तथा प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी हरदोई संजू वर्मा को आरोप पत्र जारी करते हुए संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही संस्थित किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं सहित सभी मूलभूत सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी सुनील सिंह, प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी संजू वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Aug 25, 2026