मसूरी में सफाई कर्मचारियों के मुद्दे पर राज्य सफाई कर्मचारी आयोग सख्त, 15 दिन में मांगी रिपोर्ट
अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी, पीएफ और पढ़े-लिखे कर्मचारियों की तैनाती की होगी जांच
मसूरी। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष संतोष कुमार ने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर सख्त रुख अपनाया। टाउन हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में 21 विभागों के अधिकारियों को बुलाया गया था, लेकिन कुछ विभागों के ही अधिकारी पहुंचे। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिशासी अधिकारी और नायब तहसीलदार को अनुपस्थित अधिकारियों के कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जिलाधिकारी से वेतन रोकने की संस्तुति की जाएगी।
बैठक में संतोष कुमार ने सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने नगर पालिका में ठेका कंपनी के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के पीएफ और अन्य देय सुविधाओं की जांच कराने को कहा। साथ ही इंटरमीडिएट या उससे अधिक शिक्षित पर्यावरण मित्रों की शैक्षिक योग्यता के अनुसार लिपिक पदों पर तैनाती की संभावनाओं पर विचार करने के निर्देश दिए। इसके लिए अधिशासी अधिकारी को 15 दिन में कार्रवाई कर आयोग को रिपोर्ट सौंपनी होगी।
उन्होंने वाल्मीकि बस्ती में शिविर लगाकर कर्मचारियों और उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया। संतोष कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके अधिकारों, वेतन और सुविधाओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। कर्मचारियों की समस्याओं को शासन के समक्ष उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Oct 17, 2026