प्रेस नोट 13
*यातायात नियमों की अनदेखी करने वाली बसों पर हिसार पुलिस का कड़ा प्रहार*
*प्रेशर हॉर्न लगे हरियाणा राज्य परिवहन हिसार डिपो की बस का ₹20,000 का चालान, बस इंपाउंड; तीन निजी बसों पर भी ₹10-10 हजार का जुर्माना*
*नियमों की अवहेलना करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा : एसपी सिद्धान्त जैन, IPS*
हिसार, 13 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, IPS के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिसार श्री मयंक मुदगिल, IPS के नेतृत्व में हिसार पुलिस द्वारा यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में यातायात प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रभान की टीम ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए प्रेशर हॉर्न लगे होने पर तीन निजी बसों के ₹10,000-₹10,000 के चालान किए।
*हरियाणा राज्य परिवहन हिसार डिपो की बस पर भी सख्त कार्रवाई*
यातायात पुलिस ने चेकिंग के दौरान हरियाणा राज्य परिवहन हिसार डिपो की एक बस में प्रेशर हॉर्न लगा हुआ पाया। इसके अतिरिक्त बस चालक के पास आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने उक्त बस का ₹20,000 का चालान किया तथा बस को इंपाउंड कर दिया।
*प्रेशर हॉर्न से आमजन की सुरक्षा और शांति को खतरा*
पुलिस अधीक्षक हिसार ने स्पष्ट किया कि वाहनों में प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों, पैदल यात्रियों, बुजुर्गों और बच्चों को भी परेशानी होती है। अनावश्यक रूप से तेज आवाज करने वाले हॉर्न ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं और सड़क पर दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं।
*बस संचालकों और वाहन चालकों को सख्त हिदायत*
हिसार पुलिस की ओर से सभी निजी बस संचालकों, हरियाणा राज्य परिवहन के वाहन चालकों तथा अन्य वाहन चालकों को हिदायत दी जाती है कि वे अपने वाहनों में प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करें और वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने पास रखें। यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिसार पुलिस की अपील: यातायात नियमों का पालन करें, सड़क पर अनुशासन बनाए रखें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
*हिसार पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।*
Uklana, Hissar | Oct 13, 2026