*बस्ती में संविधान दिवस पर पुलिस ने ली संविधान की शपथ*
*जनपद बस्ती, 26 नवम्बर 2026*
संविधान दिवस के अवसर पर आज पुलिस लाईन बस्ती में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक बस्ती *ओमवीर सिंह* द्वारा सहायक पुलिस अधीक्षक सदर *मानसी दहिया* व अपर राज्य रेडियो अधिकारी बस्ती, परिक्षेत्र बस्ती *मोहन लाल* की उपस्थिति में अधिकारी / कर्मचारीगण को संविधान की प्रस्तावना एवं मौलिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बस्ती ने सभी अधिकारी / कर्मचारीगण को संविधान की प्रस्तावना एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी प्रदान कर, संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों व उद्देशिका को स्मरण कराते हुए राष्ट्र की एकता व अखण्डता बनाये रखने की शपथ दिलाई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संविधान ही हमारा सबसे बड़ा मार्गदर्शक है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों व कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। उन्होंने कानून का शासन स्थापित करने तथा आमजन के साथ न्याय, समानता एवं सद्भावपूर्ण व्यवहार करने हेतु सभी को प्रेरित किया।
संविधान दिवस के इस पावन अवसर पर पुलिस लाईन परिसर में देशभक्ति और गर्व का माहौल देखने को मिला। सभी अधिकारी / कर्मचारीगण ने हाथ उठाकर एक स्वर में संविधान की रक्षा करने और देश की एकता-अखण्डता को अक्षुण्ण बनाये रखने का संकल्प लिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस का हर जवान संविधान का सच्चा प्रहरी है। वर्दी का सम्मान तभी है, जब हम आम जनता के साथ न्याय करें और कानून को सर्वोपरि मानें।
उन्होंने कहा कि बस्ती पुलिस का संकल्प है कि जनपद में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि रहेगी और हर पीड़ित को न्याय दिलाया जाएगा। संविधान के आदर्शों पर चलकर ही एक सशक्त और सुरक्षित बस्ती का निर्माण किया जा सकता है।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक बस्ती व अन्य अधिकारी / कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता और संविधान के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Nov 26, 2026