• अवैध पटाखों के भंडारण एवं विक्रय पर प्रशासन की कार्रवाई, दुकान से पटाखे जब्त
• बिना वैध अनुमति और लाइसेंस के किया जा रहा था पटाखों का भंडारण एवं विक्रय, संयुक्त टीम ने किया औचक निरीक्षण
कलेक्टर श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार जिले में अवैध पटाखों के भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने तलैया मोहल्ला, कस्बा सीहोर निवासी रफीक अहमद पिता अब्दुल अजीज की दुकान पर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकान में बिना वैध अनुमति एवं लाइसेंस के पटाखों का भंडारण एवं विक्रय किया जाना पाया गया। इस पर टीम द्वारा मौके पर पटाखों की जब्ती की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई टीआई श्री गिरीश दुबे एवं तहसीलदार श्री अमित सिंह द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
एसडीएम श्री तन्मय वर्मा ने बताया कि अवैध पटाखों के क्रय-विक्रय एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना एवं दुर्घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से सघन निरीक्षण किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिला दंडाधिकारी द्वारा जिले में अवैध पटाखों के क्रय-विक्रय, भंडारण एवं निर्माण के साथ-साथ कार्बाइड गन तथा मॉडिफाइड गन के उपयोग एवं विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore