• दीपावली के दृष्टिगत एसडीएम एवं सीएसपी ने किया पटाखा बाजार और मैगजीन का संयुक्त निरीक्षण
• पटाखा दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के दिए निर्देश, कार्बाइड गन के निर्माण, विक्रय एवं उपयोग पर प्रतिबंध
दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए एसडीएम श्री तन्मय वर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा ने स्थानीय पटाखा बाजार, बीएसआई मैदान स्थित पटाखा दुकानों एवं अनुभाग क्षेत्र की मैगजीन का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा दुकानों एवं मैगजीन के लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र, रेत से भरी बाल्टियां, पानी की व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की। उन्होंने दुकानदारों को पटाखों का सुरक्षित भंडारण करने और दुकानों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा दुकानदारों को निर्देशित किया कि मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैंप का निर्माण, क्रय-विक्रय, भंडारण एवं उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। यदि कोई व्यक्ति कार्बाइड गन का निर्माण, विक्रय अथवा उपयोग करते पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पटाखा दुकानदारों से अपील की कि यदि कहीं भी कार्बाइड गन का निर्माण या विक्रय होता दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore