ग्राम चुरारा में 'कलश वंदन समरसता यात्रा' निकाली, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत और पूजन
--
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के पावन उपलक्ष्य में चलाए जा रहे 'समरसता संकल्प अभियान' के तहत निकाली जा रही 'कलश वंदन समरसता यात्रा' का ग्राम चुरारा पहुंचने पर ग्रामीणों ने पलक-पावड़े बिछाकर अभूतपूर्व स्वागत किया।
यात्रा के गांव की सीमा में प्रवेश करते ही पूरा माहौल भक्तिमय हो गया और जय गुरुदेव के जयकारों से गूंज उठा। यात्रा के स्वागत के लिए सुबह से ही ग्राम चुरारा के मुख्य चौराहों और मार्गों पर भारी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे एकत्रित हो गए थे। जैसे ही समरसता रथ गांव की सीमा में दाखिल हुआ, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पुष्पवर्षा कर यात्रा की अगवानी की। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों के साथ रथ को आगे बढ़ाया गया।मातृशक्ति ने किया पावन कलश का पूजनगांव के मुख्य पड़ाव पर यात्रा के रुकते ही बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने रथ में स्थापित पावन कलश और संत रविदास जी के चित्र का विधि-विधान से पूजन और आरती की। गौरतलब है कि इस रथ में स्थापित कलशों में संत रविदास जी के जन्मस्थान (सीर गोवर्धनपुर, काशी, वाराणसी) की पवित्र मिट्टी विराजमान है, जिसके प्रति ग्रामीणों में गहरी आस्था देखने को मिली।भेदभाव मिटाकर समरस समाज बनाने का संकल्पयात्रा के दौरान आयोजित लघु सभा में उपस्थित वक्ताओं ने संत रविदास जी के मानवतावादी विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एकजुट करना, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना और छुआछूत जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करना है।" ग्रामीणों ने भी एक साथ मिलकर समाज में समानता और समरसता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
यह यात्रा स्थानीय रविदास मंदिरों और विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए सामाजिक एकजुटता का संदेश लगातार फैला रही है। चुरारा में हुए भव्य स्वागत के बाद यात्रा अपने अगले पड़ाव की ओर रवाना हो गई।
#SantRavidasJayanti #samrastayatra #jansamparkMP #niwari
12 views | Niwari, Madhya Pradesh | Aug 25, 2026