#बालाघाट
जरूरतमंद बालिकाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की पहल
आईटीआई कौशल कॉलेज में प्रवेश के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ हुई बैठक, पात्र बालिकाओं की पहचान एवं चयन पर चर्चा
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं को तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आईटीआई कौशल कॉलेज द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में आगामी आईटीआई बैच में बालिकाओं के चयन एवं प्रवेश को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग, बालाघाट के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग तथा पैन आईआईटी एलुमनाई फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से संचालित परम फाउंडेशन के आईटीआई कौशल कॉलेज के माध्यम से जरूरतमंद बालिकाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी सिलसिले में कौशल कॉलेज के क्षेत्रीय समन्वयक श्री राहुल रंजन सिंह एवं जिला समन्वयक सुश्री नेहा शर्मा ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्री देवेंद्र कुमार सुंदरियाल तथा ब्लॉक सीडीपीओ के साथ जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय में बैठक की।
पात्र बालिकाओं की पहचान और चयन पर चर्चा
बैठक में आगामी आईटीआई बैच के लिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की जरूरतमंद एवं पात्र बालिकाओं की पहचान करने, उनके चयन तथा उन्हें तकनीकी शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बालिकाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में समन्वय के साथ कार्य करने पर विचार-विमर्श किया।
इस पहल का प्रमुख उद्देश्य ऐसी बालिकाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ना है, जिन्हें आर्थिक एवं अन्य परिस्थितियों के कारण कौशल प्रशिक्षण के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से बालिकाएं रोजगार प्राप्त कर सकेंगी और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में योगदान दे सकेंगी।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के ब्लॉक परियोजना अधिकारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। यह पहल जरूरतमंद बालिकाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_wcdmp
19 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 13, 2026