#बालाघाट बीएड कॉलेज में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री प्राणेश कुमार प्राण के मार्गदर्शन में बालाघाट बीएड कॉलेज, मांझापुर गर्रा में नालसा की बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं योजना के अंतर्गत विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला न्यायाधीश श्री दीप नारायण सिंह ने विद्यार्थियों को विधिक जागरूकता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि युवाओं को कानून की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझ सकें। शिविर का उद्देश्य कानून से संघर्षरत किशोरों के अधिकारों की रक्षा, कानूनी समस्याओं की रोकथाम, प्रारंभिक सहायता तथा जरूरतमंद युवाओं को विधिक प्रतिनिधित्व एवं पुनर्वास संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कार्यस्थल पर अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी जानकारी दी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बालाघाट के सचिव श्री सतीश शर्मा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने, सफलता प्राप्त करने और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण में भी सहायक होती है।
श्री शर्मा ने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना, साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, नशे के दुष्परिणाम, महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में निर्धारित दंड तथा बालिकाओं के अधिकारों की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने पॉक्सो एक्ट, पॉश एक्ट, मोटर वाहन अधिनियम एवं पीड़ित प्रतिकर योजना के संबंध में भी विस्तार से बताया।
शिविर में महाविद्यालय के क्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक कर उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग बनाना रहा l
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #highereduminmp #mintechnicalmp #minlaw5
2 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026