#बालाघाट
पीएमश्री विद्यालय ‘डाइट’ में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित, विद्यार्थियों ने मॉडल के जरिए दिखाई प्रतिभा
स्कूल शिक्षा विभाग के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार पीएमश्री शासकीय हाई स्कूल ‘डाइट’, बालाघाट में विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में कक्षा छठवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विज्ञान एवं गणित पर आधारित विभिन्न चलित मॉडल तथा चार्ट प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पॉलीथीन के पुनः उपयोग, कार्बन डाइऑक्साइड (सीओ₂), ऊष्मा का संवहन, चंद्रग्रहण, हाइड्रोलिक पुल, जल फिल्टर, बहुउद्देशीय चार्ट तथा त्रिभुजों के प्रकार सहित अनेक विषयों पर मॉडल और चार्ट तैयार किए। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।
विज्ञान विषय की प्रदर्शनी तैयार कराने में विज्ञान प्रभारी श्रीमती नीता पटले एवं श्रीमती ममता मिश्रा का विशेष योगदान रहा। वहीं, गणित विषय के अंतर्गत विभिन्न गणितीय चार्ट तैयार कराने में श्रीमती ललिता चौधरी एवं श्री मुकेश वड़ीचार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रगत शैक्षिक संस्थान, जबलपुर से आईं बीएड प्रशिक्षार्थी श्रीमती उर्मिला ऐरके एवं श्रीमती आशा रिनायत ने भी प्रदर्शनी के आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
प्रदर्शनी के अवलोकन के लिए माध्यमिक शिक्षा उत्कृष्ट विद्यालय, बालाघाट की शिक्षिका श्रीमती अर्चना चौबे उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों एवं चार्ट का अवलोकन किया और उनसे संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर देकर विषयों की अपनी समझ और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिचय दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती गीता बंशपाल सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान एवं गणित के सिद्धांतों को प्रयोगात्मक रूप से समझने तथा अपनी रचनात्मकता और नवाचार क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #SchoolEducation
21 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 13, 2026