#बालाघाट
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर वन स्टॉप सेंटर की पहल
हेल्पलाइन नंबरों और महिला सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र कुमार सुन्दर्याल के मार्गदर्शन में पांच दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम के तहत वन स्टॉप सेंटर बालाघाट एवं बैहर द्वारा जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इन कार्यशालाओं के माध्यम से बालिकाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड वारासिवनी के शासकीय आदिवासी बालिका छात्रावास वारासिवनी एवं शासकीय आदिवासी बालिका छात्रावास झालीवाड़ा तथा विकासखंड बिरसा के ग्राम गर्राटोला में कार्यशालाएं आयोजित की गईं। कार्यशालाओं में बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण के महत्व और किसी भी विपरीत परिस्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में बताया गया।
कार्यशालाओं में वन स्टॉप सेंटर द्वारा संकट की स्थिति में महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सहायता सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930 तथा पुलिस हेल्पलाइन 112 के उपयोग के बारे में बताया गया।
महिला सुरक्षा कानूनों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (पॉश), लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) तथा लैंगिक संवेदनशीलता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशालाओं में बालक-बालिकाओं को खेलकूद में भाग लेने, अपनी प्रतिभा को निखारने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना, सुरक्षित वातावरण के महत्व को समझाना तथा शिक्षा और आत्मनिर्भरता के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाना है। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं में सुरक्षा, समानता और आत्मविश्वास की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक एवं सजग बनाने का प्रयास किया गया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_wcdmp
11 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 13, 2026