दीपावली पर पुलिस ने बांटी खुशियां, गरीब बच्चों और बुजुर्गों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान...
कर्नलगंज पुलिस की मानवीय पहल ने जीता लोगों का दिल, मिठाई बांटकर दिया अपनत्व का संदेश...
#गोंडा/ #कर्नलगंज। दीपावली के त्योहार पर कर्नलगंज पुलिस ने मानवीय संवेदना की मिसाल पेश करते हुए गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बीच खुशियां बांटीं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह के निर्देशन में रविवार को कस्बा चौकी प्रभारी सुमित सिंह ने पुलिस टीम के साथ कस्बे के गरीब, असहाय बच्चों और बुजुर्ग महिलाओं को मिठाई वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
पुलिसकर्मियों को मिठाई लेकर अपने बीच पहुंचा देखकर बच्चों के चेहरे खिल उठे, वहीं बुजुर्ग महिलाओं ने पुलिस के इस आत्मीय व्यवहार पर खुशी जताई। त्योहार के मौके पर पुलिस की इस पहल ने लोगों को भावुक कर दिया।
आमतौर पर पुलिस की पहचान कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण तक सीमित मानी जाती है, लेकिन इस पहल के जरिए वर्दी का मानवीय चेहरा भी सामने आया। चौकी प्रभारी सुमित सिंह ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराध रोकना ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खड़े होकर उनकी खुशियों में सहभागी बनना भी है।
कर्नलगंज पुलिस की इस पहल की कस्बे में चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों ने प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह, चौकी प्रभारी सुमित सिंह और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की है।