दिवाली के दीये से लगी भीषण आग, 50 से ज्यादा दुकानें जलकर राख, नेपाल से भी बुलाई गईं दमकल की गाड़ियां...
#लखीमपुर_खीरी। दीपावली की रात गौरीफंटा कोतवाली क्षेत्र की भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित बनगवां मंडी में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक 50 से ज्यादा दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
भारत और नेपाल की दमकल टीमों ने संभाला मोर्चा
आग की भयावहता को देखते हुए लखीमपुर, गोला और निघासन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके साथ ही नेपाल से भी मदद मांगी गई। भाजपा नेता रवि गुप्ता के अनुरोध पर नेपाल के धनगढ़ी उपमहानगरपालिका के मेयर गोपी हमाल ने दो दमकल गाड़ियां और एक जेसीबी बनगवां मंडी भेजी। नेपाल की नगर प्रहरी टीम ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया।
दीपक से आग लगने की आशंका
बनगवां मंडी में फल, सब्जी और परचून की सैकड़ों दुकानें हैं। यह मंडी भारत-नेपाल सीमा से करीब दो किलोमीटर और नेपाल के धनगढ़ी शहर से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित है।
आशंका जताई जा रही है कि दीपावली पर दुकानदारों ने दुकानों में दीपक जलाए थे और घर चले गए थे। संभव है कि किसी दुकान में जलते दीपक से आग लगी हो और फिर आसपास की दुकानों तक फैल गई हो। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
भारत और नेपाल की दमकल टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी गई है।