पठानी मोहल्ला रहवासी इलाके से घर में घुसा अजगर, आस पास के लोगों मे मचा हड़कंप, युवाओं ने किया रेस्क्यू
दमोह। शहर के पठानी मोहल्ला में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक घर में अजगर निकल आने से इलाके में हड़कंप मच गया। घर में अजगर दिखाई देने पर परिजनों ने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
रहवासी क्षेत्र में अजगर निकलने की सूचना वन विभाग को भी दी गई, लेकिन रात होने के कारण स्थानीय युवाओं ने देर किए बिना सर्प मित्र की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे हटा नाका क्षेत्र से आगे जंगल में छोड़ दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना का वीडियो सोमवार सुबह 7 बजे से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्थानीय युवक और सर्प मित्र सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू करते दिखाई दे रहे हैं। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के मौसम में बिलों में पानी भरने और भोजन की तलाश में सांप व अन्य वन्यजीव अक्सर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर पहुंच जाते हैं। ऐसे मामलों में लोगों को स्वयं जोखिम उठाने के बजाय वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प मित्रों को सूचना देना चाहिए।
Damoh, Damoh | Jun 29, 2026