कलेक्टर ने किया स्वास्थ्यकेंद्र का औचक निरीक्षण, जन औषधि केंद्र बंद मिलने पर जताई नाराजगी
अनुपस्थित डॉक्टर का वेतन काटने के दिए निर्देश
पथरिया। दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव आज सोमवार दोपहर 1 बजे पथरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान पथरिया एसडीएम निकेत चौरसिया भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जन औषधि केंद्र बंद मिला, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए ड्रग इंस्पेक्टर को तत्काल जांच कर केंद्र संचालित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि संचालक केंद्र नहीं चला सकता तो दूसरे को जिम्मेदारी दी जाएगी।
निरीक्षण में एक डॉक्टर अनुपस्थित मिले। कलेक्टर ने अनुपस्थित अवधि का वेतन काटने और नियमित ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को बाहर से दवा न खरीदनी पड़े, इसके लिए स्टोर से दवाएं उपलब्ध कराने को कहा।
डेंटिस्ट के सामान्य ओपीडी में बैठने पर भी आपत्ति जताते हुए उन्हें अपनी सीट पर सेवाएं देने के निर्देश दिए। आउटसोर्स कर्मचारियों के कम वेतन की शिकायत पर लेबर इंस्पेक्टर से जांच कराने को कहा। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि अगली बार भी लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Damoh, Damoh | Jun 29, 2026