हिनोता कला में चोर गिरोह सक्रिय, कई घरों के ताले टूटे; दो मकानों से लाखों की चोरी
दमोह। गैसाबाद थाना क्षेत्र के हिनोता कला गांव में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक साथ कई घरों को निशाना बनाकर दहशत फैला दी। चोरों ने चार से पांच घरों के ताले तोड़े, जिनमें दो मकानों से नकदी और जेवर चोरी कर ले गए। वारदात के बाद गांव में भय का माहौल है, वहीं पुलिस की रात्रि गश्त और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार चोरों ने अमित पटेल के घर का ताला तोड़कर अलमारी खंगाली और उसमें रखी नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। वहीं नरेश सेन के घर से करीब 35 से 40 हजार रुपये नकद और सोने की बालियां चोरी हो गईं। दोनों वारदातों में करीब एक से सवा लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार गैसाबाद थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। सोमवार सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की तलाश की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
एक ही रात में कई घरों के ताले टूटने की घटना से ग्रामीणों में दहशत है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त प्रभावी नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Damoh, Damoh | Jun 29, 2026